बारिश के कारण सड़क मार्ग से फिरोजपुर पहुंच रहे पीएम मोदी, पंजाब को देंगे 42,750 करोड़ के विकास प्रोजेक्टों की सौगात
, फिरोजपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज फिरोजपुर में पीजीआइ के सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास करेंगे। यहां पीएम रैली को भी संबोधित करेंगे।
बारिश के बीच रैली स्थल पर भाजपा नेता पहुंचने शुरू हो गए हैं। वहीं, पीएम विमान से बठिंडा पहुंचे। यहां पंजाब सरकार की ओर से वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने उनका स्वागत किया।
यहां से वह बारिश के कारण सड़क मार्ग के जरिए फिरोजपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पहले पीएम मोदी को बठिंडा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकाप्टर से पहुंचना था
, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर सका। इस कारण मौके पर ही उनके लिए रूट का प्रबंध किया गया।
पीएम मोदी 42,750 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह रैली स्थल पर पहुंच चुके हैं।
बारिश के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रैली में पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है। अब संभवत दोपहर 2:30 बजे वह मंच पर पहुंचेंगे। यह पहला मौका होगा, जब कैप्टन अमरिंदर सिंह मोदी के साथ राजनीतिक मंच पर होंगे। यह भी पहला मौका होगा,
जब भाजपा के साथ अकाली नेता नहीं होंगे।
बठिंडा पहुंचने पर पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करते पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल।
पीजीआइ सेटेलाइट सेंटर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, गजेंद्र शेखावत, मीनाक्षी लेखी, राज्यपाल बनवारी लाल राजपुरोहित भी हिस्सा लेंगे।
सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पहले ही कह चुके हैं कि स्टाफ के दो सदस्य कोविड पाजिटिव आने के कारण वह खुद नहीं पहुंच पाएंगे,
लेकिन वर्चुअल तौर पर मौजूद रहेंगे। सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। बारिश के कारण कार्यक्रम में विलंब होने के बावजूद मोदी की रैली में शामिल होने वालों का उत्साह थमता नजर नहीं आ रहा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं
। सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थल के साथ आसपास क्षेत्र में सक्रिय हैं।
गत दिवस बूंदाबांदी के बावजूद भाजपा नेता और पुलिस प्रशासन अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे रहे।
खास बात यह है कि मोदी सात वर्ष में तीसरी बार फिरोजपुर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री की रैली के लिए तीस एकड़ में सजाए पंडाल में 50 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं,
वहीं मंच को विशेष रूप से सजाया गया। रैली की सुरक्षा के लिए 10 हजार पुलिस कर्मचारी रैली स्थल पर तैनात किए गए हैं।
पीजीआइ सैटेलाइट सेंटर के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री के आगमन के लिए यहां तीन हेलीपैड बनाए गए हैं,
वहीं हुसैनीवाला बार्डर के पास चार हेलीपैड अलग से तैयार किए गए हैं। पीएम मोदी की रैली को लेकर भाजपा उत्साहित है। इस रैली से पीएम पंजाब में चुनावी बिगुल फूंकेंगे।
संवाददाता सोनू