प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक ने की कक्षा चार की छात्रा के साथ छेड़छाड़
रामपुर। प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक ने कक्षा चार की छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर गुस्साए लोगों ने शिक्षक को पकड़कर पीट दिया। उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया है।
मामला जनपद के टांडा क्षेत्र का है जोकि क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। टांडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस से की शिकायत में बताया, ब्लॉक सैदनगर में एक प्राथमिक विद्यालय है।
वहां पर मुरादाबाद के रहने वाले योगेश कुमार दुबे काफी समय से हेड मास्टर के पद पर तैनात हैं। सरकारी स्कूल में ग्रामीण की 10 वर्षीय बेटी कक्षा चार की छात्रा है। शनिवार को उसकी बेटी स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर चली आई। उसके बाद शिक्षक उसको ड्रेस दिलाने के बहाने घर से ले आया, आरोप है
कि इस दौरान उससे छेड़खानी कर दी। बाद में पीड़िता घर चली गई। जहां उसने सारा मामला परिजनों को बताया। सोमवार को स्कूल खुलने के बाद परिजन और उसके गांव के लोग वहां पर पहुंच गए। शिक्षक की खूब धुनाई की।
बाद में इस मामले की शिकायत ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से की। जिसके बाद बीएसए ने तत्काल हेड मास्टर को निलंबित कर दिया। पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया है।