तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर ट्रॉली में मारी जोरदार टक्कर, ट्रैक्टर चालक की हुई मौके पर मौत
रामपुर। दर्दनाक हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई।मृतक ने अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चे छोड़े हैं।
मिलक के पशुपुरा गांव निवासी जीवनलाल(45) मजदूरी करके अपने परिवार का पालनपोषण करता था। शनिवार की सुबह पांच बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में पॉपुलर की लकड़ी लादकर गांव से रामपुर के लिए निकला था।
सुबह साढ़े पांच बजे करीब मेहंदीपुर व दुगुनपुर गांव के बीच स्थित हाइवे पर तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद जीवनलाल ट्रैक्टर से उछलकर बीच सड़क पर जा गिरा। जीवनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवे पर जाम लग गया।