उद्यैती क्षेत्र में मजदूरी के रुपये मांगने पर मजदूर की हत्या

Notification

×

All labels

All Category

All labels

उद्यैती क्षेत्र में मजदूरी के रुपये मांगने पर मजदूर की हत्या

Sunday, March 17, 2024 | March 17, 2024 Last Updated 2024-03-17T14:49:40Z
    Share
उद्यैती क्षेत्र में मजदूरी के रुपये मांगने पर मजदूर की हत्या


बदायूं के उद्यैती क्षेत्र में मजदूरी के रुपये मांगने पर मजदूर की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर खेत में मिला। उसके मुंह से खून बह रहा था। मृतक के भाई ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बदायूं के उद्यैती थाना क्षेत्र के गांव ऐपुरा में शनिवार रात मजदूरी के 15,000 रुपये मांगने पर 40 वर्षीय राजदुलार की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर एक खेत में पड़ा मिला।


परिवार वालों का कहना है कि मजदूरों के ठेकेदार और पड़ोसी रामपाल पर रुपये बकाया थे। तगादा करने पर गाली-गलौज की गई। फिर खेत में ले जाकर पीट-पीटकर हत्या कर दी। शरीर में चोटों के निशान इसकी गवाही दे रहे हैं।

गांव ऐपुरा निवासी राजदुलार हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी भाभी सरोज पत्नी चंद्रकेश का कहना है कि राजदुलार करीब पांच साल पहले पंजाब के होशियारपुर जिले में मजदूरी करते थे।

 उनके पड़ोस का रामपाल उन्हें मजदूरों के साथ पंजाब लेकर गया था। मजदूरी के 15 हजार रुपये रामपाल पर रह गए। राजदुलार ने कई बार अपने रुपये मांगे। जब उसने रुपये नहीं दिए तो राजदुलार पंजाब से अपने परिवार को लेकर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला चले गए और वहीं मजदूरी करने लगे। 


घर से बुलाकर ले गए थे आरोपी 
11 मार्च को राजदुलार घर आए थे। तब से वह खेतीबाड़ी संभाल रहे थे। शुक्रवार को वह आलू बेचने चंदौसी गए थे। रात को वहीं रुक गए और शनिवार शाम चंदौसी से लौटे। उन्होंने कुछ शराब भी पी रखी थी।

शाम के समय उन्होंने रामपाल से अपने रुपये मांगे। रामपाल ने गालीगलौज कर दी। मोहल्ले के लोगों ने उन्हें समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। भाभी सरोज देवी, राजदुलार को उनके घर ले गईं। रात में आरोपी उनको बुलाकर ले गए।


मुंह से निकल रहा था खून 
रविवार सुबह पता चला कि राजदुलार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। उनका शव गांव के बाहर खेत में पड़ा है। परिवार के सभी लोग मौके पर पहुंच गए। राजदुलार के मुंह से खून निकल रहा था।

शरीर पर चोटों के कई निशान थे। सूचना पर सीओ बिल्सी सुशील कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। चंद्रकेश ने ठेकेदार रामपाल, उसके बेटे राजेश, हरज्ञान और पड़ोस के विजयपाल पर हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने रामपाल और विजयपाल को गिरफ्तार कर लिया है। 

एसपी देहात राममोहन सिंह ने बताया कि मजदूर का शव खेत में पड़ा मिला है। उसके शरीर पर काफी चोटों के निशान मिले हैं। उसके साथ मारपीट की गई थी। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दो लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। रुपये के लेनदेन का मामला है। छानबीन के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close