मिलक (मुरादाबाद न्यूज़ प्राइम )
अमित कुमारजोशी
अमर क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु की पुण्यतिथि पर युवा सत्ता पार्टी द्वारा नगर स्थित पार्टी कार्यालय में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तीनों अमर बलिदानियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अद्वितीय त्याग को नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का जीवन साहस, देशभक्ति और अदम्य संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने हंसते-हंसते मातृभूमि की आजादी के लिए
अपने प्राणों का बलिदान देकर इतिहास में अमर स्थान प्राप्त किया। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नहीं था, बल्कि अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध एक वैचारिक क्रांति का प्रतीक भी था।
प्रवक्ता एडवोकेट क्रान्ति शेखर सारंग ने कहा कि इन महान बलिदानियों का जीवन हमें यह संदेश देता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और देश की एकता, अखंडता एवं सम्मान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले इन महान सपूतों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर सुरेन्द्र कुमार, चंचल सिंह, दिनेश दिवाकर, संदीप सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, आकाशदीप, शेर सिंह, चंद्रपाल, सुरेश कुमार, अनिल कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।