एटा जिले के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के हिरदेपुर गांव में एक मेडिकल स्टोर पर दवा के रेट को लेकर विवाद हो गया।
यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें मेडिकल स्टोर संचालिका दलित युवती से कथित तौर पर मारपीट की गई और उसे जातिसूचक गालियां दी गईं।
पीड़ित युवती का आरोप है कि गांव के ही एक युवक और उसके परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। युवती के पिता राघवेंद्र ने अलीगंज थाना पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैl
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पक्ष के लोग मेडिकल स्टोर पर आकर झगड़ा शुरू कर देते हैं। युवती पायल ने बताया कि चंदन नाम का व्यक्ति उसके मेडिकल स्टोर पर दवा खरीदने आया था।
दवा देने के बाद उसने बदतमीजी शुरू कर दी, जिसका पायल ने विरोध किया। इसके बाद चंदन अपने परिजनों के साथ आया और जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की। अलीगंज के थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि यह प्रकरण संज्ञान में है। आरोपी के खिलाफ शांति भंग की कार्यवाही की जाएगी। मामले की गहनता से जांच जारी है।