रामपुर। कहते हैं कि यदि दिल में पढ़ाई का जज्बा हो तो कोई भी कठिन परीक्षा पार की जा सकती है और जीवन में सफलता की राह बनाई जा सकती है। ऐसा ही प्रेरणादायक
उदाहरण जनपद रामपुर की तहसील मिलक के नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 स्थित मोहल्ला नसीराबाद में देखने को मिला, जहां 16 वर्षीय बालक फैजान पुत्र शरीफ अहमद सैफी ने विपरीत परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत से मिलक के प्रकाश इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण कर मिसाल पेश की है।
फैजान उम्र में भले ही 16 वर्ष का है, लेकिन शारीरिक रूप से काफी कमजोर है। उसका शरीर छोटे बच्चों जैसा है और मानसिक रूप से भी वह सामान्य बच्चों की तुलना में कमजोर माना जाता है। इसके बावजूद विद्यालय में अन्य बच्चों को पढ़ते और परीक्षा की तैयारी करते देखकर उसके मन में भी पढ़ाई करने और इंटर की परीक्षा पास करने का संकल्प जागा। उसने पूरे मनोयोग से पढ़ाई की और वर्ष 2025-26 की यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होकर सभी प्रश्नपत्र समय पर दिए।
फैजान की मेहनत का परिणाम तब सामने आया जब घोषित परीक्षा परिणाम में उसने 500 अंकों में 236 अंक प्राप्त कर द्वितीय श्रेणी से सफलता हासिल की। यह उपलब्धि उसके लिए ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई।
हालांकि रिजल्ट आने के दिन परिवार पर दुखों का पहाड़ भी टूट पड़ा। परीक्षा परिणाम घोषित होने से लगभग 10 घंटे पहले फैजान की दादी का निधन हो गया, जिससे परिवार में शोक की लहर छा गई। एक ओर सफलता की खुशी थी तो दूसरी ओर अपनों को खोने का गम, ऐसे में परिवार उसकी सफलता का उत्सव नहीं मना सका।
फिर भी फैजान जैसे संघर्षशील बच्चों का उत्साहवर्धन समाज की जिम्मेदारी है, ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकें।
विद्यालय में सबसे कमजोर छात्र के रूप में फैजान की इस कामयाबी से विद्यालय प्रबन्ध समिति में भी खुशी है।
मंगलवार को संस्थापक डा. चंद्र प्रकाश शर्मा तथा प्रबंधिका शशिकांता ने फैजान का मुंह मीठा कराया और होंसला अफजाई करते हुए शाॅल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा इससे बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वह आगे कामयाबी की ओर बढ़ते हैं।