सहसवान: भंडारे से प्रसाद खाकर घर वापस लौट रहे युवक को चार लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर घायल कर दिया। साथी युवक ने बचाने का प्रयास किया तो उसे भी मारा पीटा। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला वरन निवासी किशुन पाल का कहना है कि शनिवार देर शाम करीब आठ बजे वह गांव में चल रहे भंडारे से प्रसाद खाकर अपने घर वापस लौट रहा था।
गांव के ही शैलेन्द्र आदि से उसकी मुकदमेबाजी की पुरानी रंजिश चल रही है। जब वह रास्ते में बीच वाला नगला की पुलिया के पास पहुंचा तो वहां पहले से घात लगाए बैठे चार लोगों ने उसे गालियां देनीं शुरु कर दीं।
विरोध करने पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मारना पीटना शुरू कर दिया। साथी गौरव ने उसे बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसे भी मारा पीटा। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित धमकी देते हुए चले गए। स्वजन पीड़ित को लेकर कोतवाली पहुंचे
और चार लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि घायल को अस्पताल भेज दिया है। जांच की जा रही है।
-----------------------------------------
सहसवान: एक महिला ने अपने देवर पर छेड़छाड़ करने और शिकायत करने पर ससुराल वालों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने नामजद शिकायती पत्र देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का कहना है कि उसकी शादी 21 सितंबर 24 को फैजान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसका देवर सोहेल उस पर बुरी नजर रखता था। एक दिन परिवार के लोग बाहर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका देवर कमरे में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा।
महिला ने शोर मचाया तो परिवार के लोग आ गए। इसके बाद आरोपित वहां से चला गया। महिला का पति दिल्ली में रह कर काम करता है। जब वह वापस आया और पीड़ित ने शिकायत की तो उसने अपने परिवार वालों के साथ मिल कर उसे मारा पीटा और घर से बाहर निकाल दिया। साथ ही पुलिस से शिकायत करने पर तलाक की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित के शिकायती पत्र पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।