■ नव चयनित पदाधिकारियों को विशिष्ट अतिथि हरप्रसाद सिंह पटेल ने दिलाई शपथ।
बदायूँ। विद्या भारती से संबद्ध विद्या भारती विद्यालय शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर सिविल लाइन्स, बदायूँ में सत्र 2026-27 हेतु भैया-बहिनों के संगठन ‘शिशु भारती’ के नव चयनित पदाधिकारियों एवं विभाग प्रमुख एवं सहायकों का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नव चयनित पदाधिकारियों को पद,
गोपनीयता एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। प्रमुख पदाधिकारियों में काव्या यादव - अध्यक्षा, आस्था यादव - मंत्री एवं आर. सी. निखिल ने सेनापति के रूप में शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह,
व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह, मुख्य अतिथि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नेकपुर शाखा, बदायूँ के शाखा प्रबंधक परितोष सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में एच. पी. इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक एवं समाजसेवी हरप्रसाद सिंह पटेल तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य योगेश्वर चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वन्दना के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया तथा पटका ओढ़ाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया में सर्वप्रथम शिशु भारती के प्रमुख पदाधिकारियों को विशिष्ट अतिथि हरप्रसाद सिंह पटेल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि परितोष सिंह ने समस्त विभाग प्रमुखों को पद, गोपनीयता एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। वहीं विद्यालय अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने विभाग सहायकों को शपथ ग्रहण कराई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि परितोष सिंह ने कहा कि गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन को सफल बनाया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि हरप्रसाद सिंह पटेल ने कहा कि
सरस्वती शिशु मन्दिर जैसे संस्थान संस्कारयुक्त एवं चरित्र निर्माण करने वाली शिक्षा प्रदान करते हैं। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य योगेश्वर चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि शिशु भारती में प्राप्त दायित्व भविष्य में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय अध्यक्ष अमृतपाल सिंह ने भैया-बहिनों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। विद्यालय के व्यवस्थापक नवनीत प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शिशु भारती के प्रमुख आचार्य कौशल किशोर पाठक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य एवं मीडिया प्रमुख लालाराम वर्मा सहित भोलेनाथ पाठक, रूपेंद्र सिंह, राकेश मिश्रा, सुबोध मिश्रा, नरेशपाल सिंह, निरंजन सिंह, अविलेश यादव, मुकेश कुमार तिवारी, अनुराग मिश्रा, राजीव कुमार सिंह, देवेन्द्र सक्सेना, पुष्पा श्रीवास्तव, पूजा शर्मा, पूनम चौहान, ज्योत्सना सिंह, कंचन गुप्ता, आयुषी, रिया राजपूत एवं सुमन शर्मा आदि उपस्थित रहे।