संवाददाता राजेश गुप्ता ब्यूरो चीफ बदायूं
आसफपुर के 18 शिक्षकों के ग्रेड पे विसंगति मामले में घिरे कनिष्ठ सहायक मोहम्मद शकील पर कार्रवाई की मांग तेज़*,
*19 सितंबर के धरने को लेकर लेखाधिकारी कार्यालय में मची उथल-पुथल- वित्त एवं लेखा अधिकारी ने संगठन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया*
बदायूॅ।
जनपद के विकास क्षेत्र आसफपुर में 18 शिक्षकों के ग्रेड वेतन में विसंगति के आरोपी कनिष्ठ सहायक पर 18 सितंबर तक कार्रवाई न होने पर 19 सितंबर को बीएसए कार्यालय में प्रस्तावित धरना के अल्टीमेटम के बाद वित्त एवं लेखाधिकारी ने संघ पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया।
इसके क्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल लेखाधिकारी कार्यालय पहुंचा।
वार्ता के दौरान संजीव शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि गंभीर गड़बड़ी के बावजूद अब तक आरोपी कनिष्ठ सहायक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो 19 सितंबर को जिले भर के शिक्षक और शिक्षक प्रतिनिधि बीएसए कार्यालय पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
दूसरी ओर, वार्ता में मौजूद प्रभारी लेखा अधिकारी दिनेश शर्मा ने शिक्षक संगठन से 19 सितंबर के प्रस्तावित धरने को स्थगित करने का अनुरोध किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन की मांग को देखते हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच कमेटी का गठन किया जा रहा है।
इस पर जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने स्पष्ट किया कि जांच कमेटी का गठन बिना किसी देरी के तुरंत किया जाए। और जांच कमेटी एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपे और भ्रष्टाचार में संलिप्त कनिष्ठ सहायक पर कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन एक बड़े जन-आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी वित्त एवं लेखा अधिकारी बेसिक शिक्षा विभाग की होगी।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षकों के सम्मान और उनके अधिकारों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं करेगा उनके अधिकारों को संरक्षित करने हेतु जिस स्तर तक भी लड़ाई लेनी होगी वह लड़ने के लिए संगठन तैयार है।।
इस दौरान जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, हरीश यादव, उझानी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दीक्षित, समरेर ब्लॉक अध्यक्ष संजय यादव, ब्लॉक अध्यक्ष जगत डॉ0 पंकज पाठक, मंत्री अमित यादव, वजीरगंज मंत्री सलमान खान, उसावा कोषाध्यक्ष योगेश शाक्य, मो0 रानू खान, मो0 अराफात खान, वैभव श्रोत्रिय, आयुष भारद्वाज समेत तमाम शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।