तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
संवाददाता
राजेश गुप्ता जिला ब्यूरो चीफ बदायूं
जनपद बदायूं के थाना कुंवरगांव थाना क्षेत्र के आंवला-बदायूं मार्ग पर ललेई और बादल गांव के बीच मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव बादल निवासी छविराम पुत्र सोवरन सिंह (32) अपने दोस्त ब्रजभान निवासी ललेई को बाइक से उसके गांव छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ललेई और बादल गांव के बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बाद में कंटेनर को कुंवरगांव थाने के बाहर खड़ा कर चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।