बाढ़-बारिश के बीच डीएम का ताबड़तोड़ दौरा, नदियों के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट
खन्नौत-गर्रा नदी का लिया जायजा
संवाददाता राजेश कुमार गुप्ता ब्यूरो चीफ रमपुर
पुवायां में फसल क्षति और जलभराव का किया स्थलीय निरीक्षण
शाहजहांपुर, 27 सितंबर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को जनपद के विभिन्न बाढ़ एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर रहें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। जिलाधिकारी ने सबसे पहले हनुमत धाम पहुंचकर खन्नौत नदी के बढ़े जलस्तर का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से नदी के जलस्तर, संभावित खतरे और बचाव की तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद ककरा पुल और अजीजगंज क्षेत्र पहुंचकर गर्रा नदी की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी तीन दिनों में जलस्तर में और वृद्धि की संभावना है। इस पर डीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने डैम रोड स्थित पशु प्रजनन नियंत्रण केंद्र और स्वान गृह केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पशुओं की सुरक्षा के साथ ही चारा-पानी समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी पुवायां तहसील क्षेत्र पहुंचे और अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इनायतपुर में भैंसी नदी की स्थिति देखने के साथ ही गंगसरा, खुटार और अटकोना समेत विभिन्न गांवों का भ्रमण कर बारिश एवं बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा फसल क्षति का नियमानुसार सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए
पुवायां कस्बे में मंडी परिषद समेत जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके बाद उन्होंने तहसील पुवायां कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। परिसर में जल निकासी, शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने कहा कि नदियों के बढ़ते जलस्तर और वर्तमान मौसम को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बाढ़ और अतिवृष्टि के दौरान जनहानि रोकना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए उन्होंने आमजन से अपील की कि नदियों, नालों और जलभराव वाले निचले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा अनावश्यक रूप से जलभराव वाले रास्तों पर आवागमन न करें। आपात स्थिति में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थान पर रहें निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसडीएम पुवायां, तहसीलदार पुवायां, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, अधिशासी अधिकारी पुवायां, आपदा विशेषज्ञ सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।