संवाददाता कौशल पाराशरी यूपी हेड
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
बदायूँ: 12 अक्टूबर। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग त्योहारों को आपसी मेलजोल के साथ मनाएं। किसी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के साथ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
सोमवार को पुलिस ग्राउंड स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मनाने की अपील की। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सभी त्योहार निर्धारित समय-सीमा एवं नियमों के अनुरूप मनाए जाएं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी दुर्घटना की आशंका न रहे तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह न फैलाएं और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने खुले स्थानों पर लगाए जाने वाले पंडालों एवं अन्य आयोजन स्थलों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों तथा अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सोशल मीडिया के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि नागरिक किसी भी भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, फोटो, वीडियो अथवा संदेश को साझा न करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पीस कमेटी की बैठक के उपरान्त डीएम व एसएसपी ने पुलिस ग्राउंड से मिशन शक्ति फेज़ 6.0 की जागरुकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
----