द्वारिकेश चीनी मिल ने किसानों को किया 1336.92 लाख रुपये का गन्ना भुगतान।
किसानों से साफ-सुथरा और ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील, बिना सप्लाई टिकट के गन्ने की कटाई न करने की सलाह।
फतेहगंज पूर्वी।
तहसील संवाददाता विनय अग्रवाल की रिपोर्ट।
द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड, फरीदपुर ने पेराई सत्र 2026-27 में किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर जानकारी जारी की है। मिल प्रबंधन के अनुसार, 11 नवंबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक सहकारी समितियों के माध्यम से खरीदे गए गन्ने का भुगतान किसानों के संबंधित बैंक खातों में भेज दिया गया है।
मिल की ओर से बताया गया कि इस अवधि के गन्ने का मूल्य भुगतान 1316.35 लाख रुपये समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराया गया, जबकि चीनी मिल द्वारा अब तक कुल 1336.92 लाख रुपये किसानों के खातों में भुगतान किया जा चुका है।
मिल प्रबंधन ने कहा कि द्वारिकेश चीनी मिल क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों की मेहनत, आशाओं और आर्थिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने, समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास में मिल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
चीनी मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि जिस गन्ना प्रजाति की पर्ची जारी हुई है, उसी प्रजाति का गन्ना आपूर्ति के लिए लेकर आएं। साथ ही ताजा, जड़ एवं पत्ती रहित, साफ-सुथरा गन्ना मिल को आपूर्ति करें।
किसानों को यह भी सलाह दी गई है कि बिना सप्लाई टिकट का मैसेज प्राप्त किए गन्ने की कटाई न करें, अन्यथा सूखे गन्ने की आपूर्ति के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि अपना गन्ना कोल्हू अथवा क्रेशर पर आपूर्ति करने के बजाय चीनी मिल को आपूर्ति कर अपनी बेसिक कोटा पूर्ति करें, ताकि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान प्राप्त हो सके।