भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मना दीपावली महोत्सव

Notification

×

All labels

All Category

All labels

भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मना दीपावली महोत्सव

Monday, November 9, 2026 | November 09, 2026 Last Updated 2026-11-09T15:26:41Z
    Share
संवाददाता सत्य प्रकाश बहजोई सभल

भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मना दीपावली महोत्सव

भगवान महावीर की पूजा कर चढ़ाया निर्वाण लड्डू, वीर निर्वाण संवत 2553 का हुआ शुभारंभ

बहजोई: भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक दिवस एवं दीपावली के पावन अवसर पर सोमवार को श्री दिगंबर जैन मंदिर, गोलागंज, बहजोई में श्री दिगंबर जैन सभा के तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर भगवान महावीर के जयकारों, पूजन-अर्चन और दीपों की आभा से आलोकित हो उठा।

कार्यक्रम में भगवान महावीर स्वामी के गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान एवं मोक्ष कल्याणक के प्रतीक स्वरूप लड्डू अर्पित किए गए। मंदिर में चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी, मूलनायक भगवान चंद्रप्रभु, निर्वाण क्षेत्र तथा गौतम गणधर स्वामी की विशेष पूजन एवं अभिषेक विधि संपन्न हुई। प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा का सौभाग्य रिवान जैन, काविश जैन एवं विधान जैन को प्राप्त हुआ, पुण्यार्जक परिवार में मीतेश जैन व अंशुल जैन आढ़ती भी रहे।

पाँचों कल्याणकों के प्रथम लड्डू अर्पण करने का सौभाग्य क्रमशः गर्भ कल्याणक पर काविश जैन एवं मनोज कुमार जैन (सर्राफ), जन्म कल्याणक पर सुनील कुमार जैन एवं रिवान जैन, तप कल्याणक पर अजय कुमार जैन, ज्ञान कल्याणक पर रघुवीर सरन जैन तथा मोक्ष कल्याणक पर निर्वाण लड्डू सम्भव जैन ने माला मुकुट परिवार सहित इंद्र रूप में अर्पित किया।

इस अवसर पर श्री दिगम्बर जैन सभा के महामंत्री सम्भव जैन ने भगवान महावीर के निर्वाण दिवस पर दीपावली मनाने की जैन परंपरा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जैन दर्शन के अनुसार कार्तिक कृष्ण अमावस्या की गोधूलि बेला में भगवान महावीर स्वामी ने पावन निर्वाण प्राप्त किया था। उसी रात्रि उनके प्रथम गणधर गौतम स्वामी को केवलज्ञान की प्राप्ति हुई। इस प्रकार यह तिथि जैन समाज के लिए दो महान कल्याणकों का पावन पर्व है। भगवान महावीर के निर्वाण के उपलक्ष्य में निर्वाण लाडू अर्पित किए जाते हैं, वहीं गौतम गणधर के केवलज्ञान की स्मृति में ज्ञान-ज्योति के प्रतीक स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि दीपावली केवल बाहरी प्रकाश और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा के अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, संयम और आत्मजागरण की ओर बढ़ने का संदेश देती है। भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और संयम के सिद्धांत आज भी मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।

आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। सभी ने सामूहिक आरती में भाग लिया। रात्रि में दीपोत्सव और भक्तिमय संगीत की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को दीपावली एवं नववर्ष वीर निर्वाण संवत 2553 की मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
close