दहेज की खातिर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने में पति समेत सात पर रिपोर्ट दर्ज
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन24)::दहेज में बाइक और एक लाख रुपए की नगदी न मिलने से नाराज पति ने अपने परिजनों की मदद से पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
उधर सूचना मिलने पर मृतका के पिता ने बेटी के पति समेत सात लोगों के खिलाफ स्वार कोतवाली में दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है।
जनपद रामपुर के थाना पटवाई क्षेत्र के अंतर्गत गांव लदौरी निवासी दिनेश कुमार पुत्र शिवचरन ने पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि उसने अपनी बेटी पूजा की शादी करीब दो वर्ष पूर्व मसवासी चौकी क्षेत्र के गांव सीतारामपुर निवासी गंगाराम के बेटे विक्की के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार की थी।
अपनी बेटी को हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी के ससुराल वाले इतना कुछ देने के बाद भी खुश नहीं थे।
आरोप मे कहा शादी के कुछ समय बाद ही बेटी के ससुराल वालों ने स्पलेंडर बाइक और एक लाख रुपए नगदी की मांग की। मांग पूरी न होने पर दहेज लोभियों ने बेटी को प्रताड़ित करना शुरु कर दिया।
दहेज की खातिर पूजा के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी।रविवार की देर शाम दहेज की मांग पूरी न होने से नाराज पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पूजा की गला घोंटकर हत्या कर दी।
स्वार एसओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका पूजा के पिता दिनेश कुमार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पति विक्की, देवर सुनील, जेठानी आरती, सास रामप्यारी, ससुर गंगाराम निवासीगण सीतारामपुर और नंदोई पोशाखी व ननद नीतू निवासी राजोडा, थाना पटवाई के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
रिपोर्ट,
सुधीर शर्मा, रामपुर