आधार कार्ड सेन्टर पर आम जनता को लुटने से बचाया जाए :
शंखधार
रामपुर,/उत्तर प्रदेश
रामपुर(एन24):भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने; उपजिलाधिकारी मिलक, जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक रामपुर एवं जिलाधिकारी रामपुर को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि भारतीय स्टेट बैंक शाखा मिलक में आधार कार्ड बनाने तथा उसमें संशोधन करने हेतु एक केन्द्र बनाया गया है।
जिसमें नया आधार कार्ड बनाने के लिए Rs.150/- तथा कोई भी संशोधन करने के नाम पर Rs.150/- आम जनता से बसूले जा रहे हैं।
यह सभी अवैध गोरखधंधा देश की सबसे बड़ी बैंक भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में खुलेआम हो रहा है। जबकि बैंक के अन्दर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।
बैंक शाखा में शाखा प्रबन्धक भी सामने ही बैठे हुए हैं। लेकिन यह सब उनकी नज़र के सामने ही हो रहा है। तथा आधार कार्ड बनाने के लिए पूर्व में दो व्यक्तियों की आईडी को बैंक के द्वारा निरस्त कर दिया गया था।
उसके बाबजूद भी वही पुराने लोग अपने परिवार के सदस्य के नाम से नई आईडी लेकर शाखा प्रबन्धक से मिलीभगत करके भोली भाली जनता को ख़ूब लूट रहे हैं।
जिन पर अंकुश लगाया जाना जनहित में अति आवश्यक है। जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने बताया कि नया आधार कार्ड बनाने के लिए सरकार द्वारा कोई भी शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है।
यानि नया आधार कार्ड निःशुल्क बनाया जाता है। तथा आधार कार्ड में संशोधन करने के लिए सरकार द्वारा केवल पचास रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
लेकिन भारतीय स्टेट बैंक शाखा मिलक में खुलेआम जनता से लूट की जा रही है। जो कि सरासर ग़लत है। हम इसका पुरज़ोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने अधिकारियों से माँग करते हैं कि जिस व्यक्ति को बैंक के द्वारा आधार कार्ड बनाने के लिए अधिकृत किया गया है, केवल उसी व्यक्ति के द्वारा ही आधार कार्ड का समस्त कार्य कराया जाए तथा अन्य व्यक्तियों को बैंक से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
साथ ही जो भी शुल्क सरकार के द्वारा निर्धारित किया गया है वही आम जनता से लिया जाए तथा उसके लिए बैंक के बाहर प्रचार हेतु एक फ्लैक्स भी लगाया जाए जिससे कि भोली भाली आम जनता को लुटने से बचाया जा सके।
रिपोर्ट,
सुधीर शर्मा, रामपुर