राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर, किसान हित में करेंगे कार्य : शंखधार
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24): आज रविवार को जनपद रामपुर के कस्वा मिलक में भारतीय किसान संघ की बैठक भाकिसं के जिला अध्यक्ष श्री आदेश शंखधार के निवास पर सम्पन्न हुई।
बैठक मे बोलते हुए श्री शंखधार ने कहा कि भारतीय किसान संघ देश का सबसे बड़ा राष्ट्रबादी एक ग़ैर राजनैतिक किसान संगठन है।
उन्होंने कहा कि हमारे संगठन की विचारधारा में राष्ट्रहितों को सर्वोपरि मानते हुए किसान हित में कार्य करना ही हमारा उद्देश्य है।
इसलिए ही हमारा नारा है कि "देश के हम भण्डार भरेंगे, लेकिन क़ीमत पूरी लेंगे" और "जो हमसे टकराएगा, वह हममें मिल जाएगा" की धारणा के साथ हम निरन्तर संगठन में मज़बूत करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के अन्दर बहुत से ऐसे किसानों के ठेकेदार बने हुए हैं जो कि किसानों के कन्धे को अपना सहारा बनाकर अपनी राजनीति चमकाने के लिए प्रयासरत हैं।
लेकिन हमारे देश के अन्नदाता किसान अब उनका चेहरा पहचान चुके हैं क्योंकि जितना आतंक इन ठेकेदारों के द्वारा दिल्ली की सीमाओं पर और देश की आन बान और शान लाल किला की प्राचीर पर किया गया था वह किसी से छुपा हुआ नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में भाजपा की सरकार बनते ही इन सबके चेहरे की मुस्कान ग़ायब हो गई है। साथ ही साथ जो राजनैतिक लोग इनकी मदद में लगे हुए थे आज वह लोग किसान संगठनों की आड़ में आकर अपने आप को सुरक्षित रखना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि उनके चेहरे अब बेनक़ाब हो चुके हैं। किसानों की आड़ में आकर राजनीति नहीं होगी। भारतीय किसान संघ के सभी पदाधिकारियों ने एक दूसरे के गले मिलकर होली की बधाई दी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर किसान हित में कार्य करने की शपथ ली।
इस अवसर पर ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, रामबहादुर भगत, सत्यवीर सागर, महेश गंगवार लक्ष्मीदत्त गंगवार मौजूद रहे।
रिपोर्ट,
सुधीर शर्मा, रामपुर