बस की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक की मौत
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24): स्वार, नगर में एक सामान से भरे ठैले से बचाने के चक्कर में एक बाइक सवार युवक बस की चपेट में आ गया। बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
घटना जनपद रामपुर के कस्बा स्वार की है जहां जिला उधम सिंह नगर के रामनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव मड़ैया अटटूखेड़ा निवासी राजेश (32) स्वार कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवपुर स्थित अपनी ससुराल आया हुआ था।
राजेश सुबह करीब 10 बजे ससुराल से अपने घर जा रहा था। कि अचानक ईदगाह के सामने वाली गली से सामान से भरा ठैला निकला। ठैले से बचाने के चक्कर में राजेश यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस की चपेट में आ गया।
हादसे में राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर मौके पर बस तथा बस चालक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश के परिवार में पत्नी एवं एक 4 साल की बेटी बताई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टूरिस्ट बस में सवार यात्री उत्तराखंड के रामनगर स्थित गर्जिया मंदिर जा रहे थे।