संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा कर अपना वचन निभाए सरकार : सुनील सिंह
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24):मिलक,आज सोमवार 30मई 2022 को भारतीय किसान संघ मेरठ प्रान्त के संगठन मंत्री सुनील कुमार सिंह और रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने संयुक्त रूप से ग्राम पटवाई, ढकिया, कूप, परम तथा करींगा समेत कुल पांच गांवों में पहुंचकर अन्नदाता संवाद कार्यक्रम के तहत किसानों से उनकी समस्याओं के बारे संवाद कर हाल जाना तथा उनके समाधान हेतु अधिकारियों तथा सरकार से वार्ता कर समाधान कराने को कहा।
प्रान्त संगठन मंत्री सुनील कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव से पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा कई वादे उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं से किए गए थे जिस पर अन्नदाताओं ने भरोसा करके प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दिलाई और शैंतीस वर्षों के बाद पुनः भाजपा की सरकार बनवाई।
लेकिन सरकार अपने वादों को पूरा करती दिखाई नहीं दे रही हैं जैसे कि किसानों को नलकूप की बिजली निशुल्क देने, गन्ना किसानों को चौदह दिनों में भुगतान, निराश्रित गौवंश से होने वाले नुकसान से बचाने समेत कई वादे किए थे लेकिन सरकार द्वारा कोई भी वादा पूर्ण नहीं किया जा रहा है।
जिससे किसानों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है। रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने कहा कि जनपद रामपुर की शुगर मिलों पर किसानों का छियासी करोड़ रूपए बकाया है जिसको लगभग तीन माह पूरे होने वाले हैं लेकिन शुगर मिलें सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखा रही हैं।
जनपद रामपुर में कुछ बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इतने भ्रष्ट हैं कि बिना सुविधा शुल्क लिए कोई भी कार्य नहीं कर रहे हैं और अपने कार्यालयों में निजी कर्मचारी बैठाकर भोले भाले किसानों को ठग रहे हैं।
भाकिसं द्वारा ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों की लिस्ट बनाई जा रही है जो कि जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। रामपुर में कई स्थानों पर गौवंशों के लिए संरक्षण केन्द्र भी बनाए गए हैं लेकिन उन केन्दों पर पर्याप्त मात्रा में चारा तक उपलब्ध नहीं है गौवंश भूख से तड़प तड़प कर दम तोड़ रहे हैं।
इसके अलावा जो निराश्रित गौवंश जंगलों में हैं वह किसानों की फसलें चौपट कर रहे हैं। इसके सम्बन्ध में कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है लेकिन कोई भी कार्यवाही नहीं की जाती है।
जनपद रामपुर में अधिकांश विभागों के अधिकारी बेलगाम हैं खुलेआम अवैध वसूली की वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिनपर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर गजराम सिंह, राजवीर सिंह यादव, रामवीर सिंह, चौधरी राजीव सिंह,
राहुल भारद्वाज, वीरेश शर्मा, ब्रह्मशंकर पाण्डेय, वीरपाल गंगवार, प्रमोद गुप्ता, मिंटू तिवारी, प्रेबहादुर गंगवार, पवन गंगवार, इरशाद हुसैन, कृष्ण मुरारी शर्मा, ठाकुर पवन सिंह, सर्वेश गंगवार, चन्द्र प्रकाश गंगवार, विमल शर्मा, अरविन्द गंगवार, जकी अहमद, डालचन्द्र पाल, ब्रह्मस्वरूप गंगवार, ठाकुर पवन सिंह, लालाराम आदि सैकड़ों कार्यकर्ता बन्धु मौजूद रहे।