बिजली विभाग मिलक में लापरवाही करने वाले अधिकारी भेजे जाएं जेल : शंखधार
रामपुर/उत्तर प्रदेश
रामपुर (एन 24):मिलक। भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधि मण्डल ने तहसील मिलक पहुंच कर मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और जिलाधिकारी रामपुर के नाम सम्बोधित तीन ज्ञापन नायब तहसीलदार अर्ची गुप्ता को सौंपे।
जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने बताया कि कल दिनांक 11 जुलाई 2022 को जनपद रामपुर की तहसील मिलक के ग्राम तिराह की गौटिया निवासी गंगाराम उम्र 56 वर्ष, रामवती उम्र लगभग 55 वर्ष व पुत्री धर्मवती समेत कुल तीन लोग अपने खेत में काम कर रहे थे।
वहीं खेत में बिजली के तार टूटे हुए पड़े थे जिनमें बिजली का करंट आ रहा था उस करंट की चपेट में आकर तीनों की मृत्यु हो गई है।
जबकि भारतीय किसान संघ रामपुर के द्वारा उपखण्ड अधिकारी मिलक शोभित श्रीवास्तव को जर्जर लाईनों को ठीक कराए जाने के सम्बन्ध में दिनांक 20 अप्रैल 2022 को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया था
कि तहसील मिलक क्षेत्र में कई स्थानों पर ऐसी जर्जर लाईनें हैं जो कि कभी भी बड़े हादसे को अंजाम दे सकती हैं लेकिन उपखण्ड अधिकारी मिलक द्वारा भारतीय किसान संघ रामपुर के ज्ञापन को गम्भीरता पूर्वक नहीं लिया गया, जिस कारण आज इतनी बड़ी घटना घटित हुई है।
बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इन्तजार कर रहा था। इसके लिए भारतीय किसान संघ रामपुर उत्तर प्रदेश सरकार से जनहित में मांग करता है
कि 01.मृतकों के आश्रितों को एक करोड़ रूपए की सहायता राशि प्रदान की जाए। 02.मृतकों के आश्रित बच्चों की सम्पूर्ण पढ़ाई लिखाई का खर्च सरकार वहन करे।
03.मृतकों के आश्रितों को बालिग होने पर सरकारी नौकरी दिलाई जाए। 04.श्री शोभित श्रीवास्तव उपखण्ड अधिकारी मिलक को उनके पद से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करते हुए
इनके खिलाफ़ घोर लापरवाही कर तीन लोगों की मृत्यु किए जाने का मुकद्दमा पंजीकृत कराया जाए। 05.उक्त प्रकरण की उच्च स्तरीय जॉच कराई जाए जिससे भविष्य में इस प्रकार कि घटना पुनः न होने पाए।
06.भारतीय किसान संघ रामपुर द्वारा दिए गए दिनांक 20 अप्रैल 2022 के ज्ञापन पर कार्यवाही अभी तक क्यों नहीं की गई इसका स्पष्टीकरण लिया जाए और ज्ञापन में लिखकर दिए गए
सभी बिन्दुओं पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए जाएं। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष वीरपाल गंगवार, प्रेमबहादुर गंगवार, हरिओम गंगवार, इकराम खां, जाहिद खां आदि किसान मौजूद रहे।