मण्डी समिति में सचिव करा रहे हैं किसानों का शोषण : शंखधार
रामपुर,मिलक। भारतीय किसान संघ रामपुर के जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार ने कहा कि सचिव मण्डी समिति मिलक सत्यवीर सिंह दुकानदारों से खुलेआम किसानों का शोषण करा रहे हैं। जबकि मण्डी अधिनियम के तहत किसान से अनाज ख़रीद में कोई भी कटौती नहीं करने का प्रावधान है
इसके सम्बन्ध में सचिव द्वारा लिखित में भी दिया जा चुका है लेकिन सचिव उसे लागू कराने में विफल हैं। आज एक किसान रामलाल आर्य निवासी बकैनिया भाट के द्वारा कुल 80.80 कुंतल धान Rs.3200/- प्रति कुंतल के हिसाब से बेचा गया
जिसमें कुल Rs.9405/- रूपये की अवैध कटौती की गई। दूसरे किसान प्रेमपाल निवासी तिराह के द्वारा 31.00 कुंतल धान Rs.3150/- के भाव से बेचा गया जिसमें कुल Rs.4620/- की अवैध कटौती की गई।
इन दोनों किसानों ने भारतीय किसान संघ के कार्यालय पहुंच कर जिला अध्यक्ष आदेश शंखधार से शिकायत की है। आदेश शंखधार द्वारा शिकायत उपजिलाधिकारी व सचिव मण्डी समिति मिलक से करके कार्यवाही की मांग की गई है। जिला अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा है
कि मण्डी समिति में अवैध कटौती तत्काल प्रभाव से बन्द कराई जाए अन्यथा सचिव मण्डी समिति मिलक का पुतला दहन कर विरोध दर्ज़ किया जाएगा। इस मौके पर हुलासराय, बद्रीप्रसाद, देवेन्द्र गंगवार, चन्द्रप्रकाश गंगवार, राम स्वरूप, कृष्ण मुरारी शर्मा आदि किसान भाई मौजूद रहे।