23 मार्च, 2023
समस्त निराश्रित गौवंशों को तत्काल गौआश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जाये-जिलाधिकारी
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जनपद के विभिन्न स्थानों में निराश्रित गौवंशों के खुले में घूमने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुये सभी नगरीय निकायों के ईओ तथा खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी किये हैं
कि समस्त निराश्रित गौवंशों को तत्काल गौ आश्रय स्थलों में शतप्रतिशत संरक्षित कराना सुनिश्चित करें तथा इस आशय का प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करायें कि अब जिले में कहीं निराश्रित गौवंश छुट्टा नहीं घूम रहे हैं।
वर्तमान में जनपद में कुछ निराश्रित गौवंश छुट्टा घूम रहे हैं, जिन्हें तत्काल संरक्षित कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
उ0प्र0 शासन द्वारा निराश्रित गोवंशों को तत्काल आश्रय स्थलों में संरक्षित करने तथा इस आशय का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के आदेश जारी किये गये हैं।
जिलाधिकारी ने सभी ईओ और खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि समस्त निकायों एवं विकास खण्डों में आपस में समन्वय बनाकर समयबद्व रूप से युद्वस्तर पर
कार्यवाही कर निराश्रित गौवंशों को प्रत्येक दशा में 25 मार्च 2023 तक शतप्रतिशत संरक्षित कराना सुनिश्चित करें। निराश्रित छुट्टा पशुओं से मुक्त होने का प्रमाण पत्र सम्बंधित खण्ड विकास अधिकारी एवं
पशु चिकित्साधिकारी, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा ईओ नगरपालिका परिषद/नगर पंचायत, अपने से सम्बंधित उपजिलाधिकारी के प्रति हस्ताक्षर कराकर प्रमाण पत्र मुख्य
पशु चिकित्साधिकारी कासगंज के कार्यालय में 25 मार्च 2023 की सायं 5 बजे तक आवश्यक रूप से उपलब्ध करायें। ताकि जनपद स्तर पर यह प्रमाण पत्र शासन को भेजा जा सके।
इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी तथा किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति उत्पन्न होने पर सम्बंधितों का पूर्ण उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा।
निराश्रित बेसहारा गौवंशों की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक 27 मार्च को।
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में 27 मार्च 2023 को दोपहर 12 बजे,
कलेक्ट्रेट सभागार में निराश्रित बेसहारा गौवंशों की जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समीक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया जायेगा। जिसमंे जनपद के समस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में अस्थायी गौवंश आश्रय स्थलों की स्थापना व संचालन की समीक्षा की जायेगी।
बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को अद्यतन सूचनाओं सहित उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं।
ब्लाक पटियाली में 20 दिव्यांगजनों को प्रदान किये कृत्रिम अंग और कैलीपर्स।
कासगंज: जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी हेमेन्द्र स्वरूप ने बताया कि गुरूवार को विकास खण्ड पटियाली परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से खण्ड विकास अधिकारी
पटियाली डा0 मनीश कुमार वर्मा द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत कैलीपर्स, कृत्रिम हाथ, पैर आदि उपकरण प्रदान किये गये, जिससे दिव्यांगजनों को
चलने फिरने और अपने दैनिक काम करने में आसानी हो। इस अवसर पर 20 दिव्यांगजनों को कैलीपर्स, कृत्रिम हाथ पैर आदि का वितरण किया गया।
उन्होंने बताया कि विकास खण्ड सहावर में आज शुक्रवार 24 मार्च को तथा विकास भवन परिसर कासगंज में 25 व 26 मार्च 2023 को पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत कैलीपर्स,
कृत्रिम हाथ, पैर आदि उपकरणों का वितरण कराया जायेगा। पात्र दिव्यांग जन निर्धारित स्थान एवं समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
जिला सैनिक बन्धु की बैठक 28 मार्च को।
कासगंज: अपरजिलाधिकारी वैभव शर्मा की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु की बैठक मंगलवार 28 मार्च 2023 को दोपहर 12 बजे, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सभागार में आयोजित होगी।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमान्डर सतीश कुमार ने उक्त जानकारी देते हुये जनपद के समस्त पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, मृतक सैनिकों की पत्नियों एवं उनके आश्रितों को सूचित किया है कि बैठक में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं व परेशानियों को निराकरण हेतु प्रस्तुत करें।
कासगंज ब्लाक परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन 25 मार्च को।
कासगंज: मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खण्ड कासगंज परिसर में 25 मार्च 2023 को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन कराया जायेगा। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में समस्त विकास खण्ड क्षेत्रों एवं नगरीय निकायों से चयनित 65 निर्धन कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।