सड़क हादसे में युवक की हुई मौत, परिजनों ने लगाया ससुरालियों पर हत्या का आरोप
रामपुर, ससुराल से भाई और रिश्तेदार के साथ घर आ रहे युवक की बाइक पेड़ से टकरा जाने के बाद मौत हो गई। परिजन ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बताते चले कि जनपद के केमरी थाना क्षेत्र के गांव रामनगरिया निवासी सुनील(22) पुत्र भजनलाल लोधी मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। खाली समय में वह परचून की दुकान भी चला लेता था।
परिजनों के मुताबिक लगभग 8-9 माह पूर्व संबंधित थाना क्षेत्र के गांव स्वार खुर्द निवासी जागन लाल लोधी की पुत्री से शादी हुई थी। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। दीपावली के त्योहार से कुछ दिन पहले लड़की के मायके वाले लड़की को ससुराल से बुला कर घर ले आए थे।
बीते मंगलवार की रात को सुनील अपने केमरी निवासी रिश्तेदार विकेश के साथ अपनी ससुराल पहुंचा था। ससुराल वालों से किसी बात को लेकर गाली-गलौज गई।
इसी बात से नाराज होकर वह मोटर साइकिल उठाकर अपने रिश्तेदार और छोटे भाई के साथ अपनी ससुराल से अपने गांव जाने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि जैसे ही वह रेलवे क्रांसिंग के पार पहुंचा,तो अचानक मोटरसाइकिल सड़क के किनारे शराब की दुकान के पास पेड़ से टकरा गई, जिसमें दोनों गंभीर घायल हो गए।
सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुँच गए एवं पास के ही अस्पताल ले गए लेकिन, युवक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में अस्पताल ले जाते हुए उसने दम तोड़ दिया।
जबकि दूसरा घायल रिश्तेदार विकेश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के परिजन लड़के के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
दूसरी ओर, केमरी इंस्पेक्टर सत्येंद्र यादव का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। ऐसा लग रहा है कि मामला एक्सीडेंटल है।