किसान नेता की गिरफ्तारी को लेकर भड़के किसानों ने टोल प्लाजा पर एकत्रित होकर किया प्रदर्शन
रामपुर भाकियू ( टिकैत) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की सूचना पर रामपुर में भी किसानों में रोष फैल गया। उनकी रिहाई की मांग को लेकर आक्रोशित हुए भाकियू के पदाधिकारियों ने कोयला टोल प्लाजा पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया।
दो घंटे तक धरने पर बैठने के बाद किसान नेता की रिहाई की सूचना पर आक्रोशित किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
आपको बताते चले कि दिल्ली एयरपोर्ट पर दिल्ली पुलिस ने बीते मंगलवार की रात राष्ट्रीय महासचिव को गिरफ्तार कर लिया।
किसान नेता की गिरफ्तारी की खबर पूरे देश में हवा की तरह फैल गई। मंडल प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के पदाधिकारियों से रामपुर-हल्द्वानी नेशनल-हाईवे पर स्थित कोयला टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन के निर्देश दिए।
हाईकमान का मैसेज मिलते ही भाकियू के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में जिले भर के कार्यकर्ता बुधवार की सुबह कोयला टोल प्लाजा पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर एकत्रित होकर दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
कुछ देर नारेबाजी के बाद रोड जाम कर टोल प्लाजा परिसर में धरने पर बैठ गए। किसानों द्वारा कोयला टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन व धरने की बैठने की सूचना पर भोट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी।
करीब दो घंटे बाद मंडल प्रभारी ने किसान नेता को दिल्ली पुलिस द्वारा रिहा करने का संदेश दिया। किसान नेता को रिहा करने की सूचना पर धरने में बैठे किसानों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इसके बाद प्रदेश महासचिव ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।