सम्भल बहजोई/उत्तर प्रदेश
बघौली कस्बे में आयोजित हुआ विकसित भारत संकल्प यात्रा का कार्यक्रम ।
बघौली। बघौली कस्बे के भीठा बाबा मंदिर परिसर में रविवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, विकास विभाग, शिक्षा, बालविकास एवं पुष्टाहार, खाद्य एवं रसद विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग द्वारा योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। यहां पर मौजूद लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बघौली कस्बे के सांविलियन स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रतिभा को दिखाते हुई सुन्दर झांकी के साथ मां सरस्वती की वन्दना, स्वागत गीत के साथ ही देशप्रेम और सोशल मीडिया को लेकर प्रेरणादायी जागरूक नाटक का मंचन किया। जिसकी लोगों ने बहुत सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बघौली मोहम्मद अय्यूब ने की। मंचासीन लोगों को माल्यार्पण करने के साथ ही एक पुजारी जो कार्यक्रम स्थल पर सबको पुष्प भेंट कर रहे थे। उनको दक्षिणा देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुधीर अवस्थी 'परदेशी' ने मां सरस्वती के चित्र सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान एक बच्चे का अन्नप्राशन किया और उस बच्चे की मां को पुष्टाहार फल आदि देकर सम्मानित
किया। विकसित भारत संकल्प के बारे में बताते हुए कहा कि घर, परिवार, समाज सभी लोग ईमानदारी के साथ अपना कर्तव्य निभाएं तो विकसित भारत का संकल्प अवश्य पूरा होगा। उपस्थित ग्रामवासियों को पंच प्रण शपथ दिलाई गई।
मंच संचालन कर रहे एडीओ पंचायत दिनेश गुप्ता ने विस्तार से विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में बताया। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी नीरज मिश्रा ने आगंतुकों के प्रति आभार जताया। राजस्व विभाग से आए राममिलन मौर्य ने बताया की किसान सम्मान निधि के लाभार्थी सुरेश गुप्ता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।