शाहबाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर खड़ी एंबुलेंसों में लगी भीषण आग, हादसे को देख मच गया हड़कंप
रामपुर। जनपद के शाहबाद सीएचसी परिसर में कंडम खड़ी पांच एंबुलेंस में संदिग्ध परिस्तिथियों में आग लग गई। आग की लपटों को देख अस्पताल में अफरा -तफरी मच गई। सूचना के बाद पहुंचे दमकल कर्मियों और पुलिस ने आग पर काबू पाया।
जिस समय आग लगी, उस समय सभी चिकित्सक अपनी-अपनी ओपीडी कर रहे थे। ओपीडी के बीच आग लग गई। थोड़े से ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। एक के बाद एक एंबुलेंस में आग लगी।
आग इतनी भीषण थी कि आग की लपटें और धुआं दूर तहसील में बैठे लोगों और दूरदराज के लोगों को साफ दिखाई दे रहा था। आग लगने की सूचना तुरंत अग्निशमन कर्मियों को और स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना के तुरंत बाद पुलिस कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। अग्निशमन की छोटी गाड़ी से आग पर काबू नही पाया गया। आधे घंटे तक अग्निशमन कर्मी अपनी छोटी गाड़ी से आग बुझाने का प्रयास करते रहे।
इस बची अग्निशमन की गाड़ी में पानी खत्म हो गया।
इसके बाद अग्निशमन कर्मी पानी की व्यवस्था करने के लिए चले गए। स्थानीय पुलिस ने निजी संसाधनों के माध्यम से आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया।
कोतवाल ओमकार सिंह और कस्बा इंचार्ज आदेश कुमार ने तुरंत नगर पंचायत से पानी का टैंकर मंगवाया। इसके बाद रामपुर से भी अग्निशमन की बड़ी गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। करीब सवा घंटे तक किए गए
प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। कोतवाल ने बताया कि सीएचसी में मौजूद महिलाओं ने बताया कि सीएचसी में मौजूद एंबुलेंस के निकट कूड़ा पड़ा रहता है।
जिस कारण कूड़े से ही आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
चिकित्सा अधीक्षक शाहबाद आर के चंदेल ने बताया कि सीएचसी में जिन एंबुलेंस में आग लगी है,
वो खराब कंडम थी। इनकी रिपोर्ट जिले पर भी भेजी जा चुकी है। हम ओपीडी कर रहे थे। आग कैसे लगी उसका पता नहीं, लेकिन आग पर काबू पा लिया गया है।