संवेदनशील मतदान केंद्रों में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त
रामपुर लोकसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। कई केंद्रों में इससे पहले ही लाइन लगनी शुरू हो गई थी। संवेदनशील मतदान केंद्रों में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। इस सीट पर छह प्रत्याशी अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।उधर, अमरोहा में प्रधानमंत्री ने रैली के दौरान वोट डालने की अपील की।
रामपुर सीट पर 17.31 लाख मतदाता छह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक बनाए गए 1071 मतदान केंद्रों (1789 बूथ) पर वोट डाले जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को स्वार रोड स्थित मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं थी।
लोकसभा चुनाव में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी, सपा से मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी, बसपा से जीशान खां चुनावी मैदान में हैं। वहीं, प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के अलावा एमडीपी से अरशद वारसी व निर्दलीय महमूद प्राचा और शिव प्रसाद भी चुनाव लड़ रहे हैं।
रामपुर लोकसभा सीट पर 9.15 लाख पुरुष, 8.15 लाख महिला और 160 अन्य मतदाता हैं। 36,497 युवा पहली बार अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि जीपीएस लगे वाहनों से सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टिंया पहुंचाई गई। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
3578 ईवीएम में डाले जाएंगे वोट
जिले के 17.31 लाख वोटर 3578 ईवीएम में अपना वोट डालेंगे। इसके लिए सभी ईवीएम मतदान केंद्रो तक पहुंचाई गई है। अब मतदाता चुनावी मैदान में किस्मत अजमा रहे छह प्रत्याशियों के लिए मतदान कर अपना सांसद चुनेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि पांच विधानसभा क्षेत्रों में मॉडल बूथ, यूथ बूथ, पिंक बूथ व दिव्यांग बूथ बनाए हैं। जिसमें रामपुर नगर सहित स्वार, मिलक, बिलासपुर, चमरौआ में महिलाओं के लिए 1-1 पिंक बूथ, 1-1 दिव्यांग, 1-1 यूथ व 1-1 मॉडल बूथ सजकर तैयार हो गए हैं