तीन किसानों की सात एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख
रामपुर। स्वार तहसील क्षेत्र के नबीगंज गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक आग लगने से तीन किसानों की सात एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड भी आई,
लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। तहसील क्षेत्र के नबीगंज गांव निवासी भगवंत कौर व लखविंदर कौर सगी बहनें हैं। दोनों के छह एकड़ खेत में गेहूं की फसल पककर तैयार थी।
बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग साढ़े 11 बजे अचानक खेत में आग लग गई। आसपास के लोगों और किसान परिवार ने जब आग के शोले और धुआं उठते देखा तो वह दौड़े-दौड़े खेत पर पहुंच गए। हवा तेज होने के कारण कुछ ही देर में दोनों बहनों की छह एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गया।
आग ने बराबर के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। लाड़पुर गांव निवासी शब्बन मसीह की चार बीघा और नबीगंज गांव के सुल्तान खां की चार बीघा फसल भी जलकर नष्ट हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी आ गई
लेकिन तब तक गेहूं जल चुका था। किसान जोगा सिंह ने बताया कि आगे आग इसलिए नहीं फैल सकी क्योंकि एक दिन पहले ही उसके आगे वाले खेत की फसल कट चुकी थी।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
नबीगंज और लाड़पुर के अग्निकांड पीड़ित किसानों ने राजस्व प्रशासन को सूचना दे दी है। किसानों भगवंत कौर और लखविंदर कौर के अलावा शब्बन मसीह व सुल्तान खां ने बताया कि फसल जलने से लाखों का नुकसान हुआ है।