मेरठ कपड़ा फैक्टरी के गोदाम में लगी भीषण आग,फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
मेरठ में कपड़ा फैक्टरी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है। उधर, फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
मेरठ में परतापुर के औद्योगिक क्षेत्र में होटल के पीछे कपड़ा फैक्टरी के गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना पर दमकल की चार गाड़ियां पहुंचीं और पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें काफी दूर से दिख रही थीं।
सीओ ब्रह्मपुरी और परतापुर पुलिस ने तमाशबीनों को हटाकर राहत कार्य शुरू कराया। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र के सूर्य पैलेस में रहने वाले विशु गुप्ता और सचिन गुप्ता की भगवती टेक्सटाइल के नाम से स्पोर्ट्स वियर बनाने की फैक्टरी है। बुधवार शाम करीब सात बजे अचानक दूसरी मंजिल पर बने गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगनी शुरू हो गई।
वहीं, सूचना पर दमकल टीम पहुंची और आग बुझाने में जुटी। पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी फैल चुकी थी कि दूसरी से पहली मंजिल पर बने कार्यालय और फैक्टरी तक पहुंच गई। धुआं बढ़ने से दमकल टीम को परेशानी हुई। सीएफओ संतोष कुमार राय भी पहुंचे। घंटाघर और पुलिस लाइन फायर स्टेशन से भी गाड़ियों को यहां लगाया गया।
सीएफओ ने बताया कि अग्निशमन यंत्र भी देखे जा रहे हैं कि ये लगे थे या नहीं। पूरी जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। गोदाम में कुछ कंडम सामान भी पड़ा था, वह भी जल गया।
बढ़ रहे आग के हादसे
जैसे-जैसे गर्मियां बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे आग की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है। अप्रैल में अब तक 159 आग की घटनाएं हो गई हैं, जबकि मई में 50 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। हादसों में अब तक करोड़ों का नुकसान हो चुका है।
मुख्य संपादक सरिता सिंह मेरठ