ओवरलोडिंग की चलते जिलेभर में ट्रांसफार्मरों के फुंकने और आग लगने की घटनाएं सामने

Notification

×

All labels

All Category

All labels

ओवरलोडिंग की चलते जिलेभर में ट्रांसफार्मरों के फुंकने और आग लगने की घटनाएं सामने

Thursday, June 13, 2024 | June 13, 2024 Last Updated 2024-06-13T15:23:08Z
    Share
ओवरलोडिंग की चलते जिलेभर में ट्रांसफार्मरों के फुंकने और आग लगने की घटनाएं सामने
 
संवाददाता मुस्कान अंसारी 

रामपुर। भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं बढ़ती बिजली खपत के चलते लगातार फुंक रहे ट्रांसफार्मरों से बिजली विभाग के अफसर भी हांफने लगे हैं। गर्मी और ओवरलोडिंग की चलते जिलेभर में ट्रांसफार्मरों के फुंकने और आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं।


 दो माह में अब तक दो सौ से ज्यादा ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। बिजली विभाग के स्टोर में भी ट्रांसफार्मर का संकट बना हुआ है। भीषण गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

इन दिनों अधिकतम तापमान लगातार 42 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है। गर्मी की वजह से हीट होने और ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। कहीं ट्रांसफार्मरों के केबल में आग लग रही है तो कहीं ट्रांसफार्मर ही फुंक रहे हैं।

गर्मी से पहले ही बिजली विभाग ने 400 से अधिक ट्रांसफार्मर बदलकर अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसका खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है।


शहर में ज्वालानगर, शाहबाद गेट, शौकत अली रोड समेत कई इलाकों में अभी भी कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे हैं। इसके चलते आए दिन बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। बिजली विभाग फुंके हुए ट्रांसफार्मरों को बदलने में भी हांफ रहा है। शासन के आदेश के बाद भी 24 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं।


बीते दिनों शहर के इन मोहल्लों में फुंके ट्रांसफार्मर

शौकत अली रोड : दो हफ्ते पहले शौकत अली रोड पर एक ट्रांसफार्मर की लीड में आग लग गई थी। लोगों ने काफी देर पानी से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन न आग न बुझने पर फायरब्रिगेड को बुलाना पड़ा था। इससे क्षेत्र में घंटों बिजली बाधित रही थी।

जिला अस्पताल : मई में जिला अस्पताल के ट्रांसफार्मर में गर्मी की वजह से शार्ट सर्किट हो गया था। जिससे अस्पताल की सप्लाई ठप होने के साथ खाली पड़ा गोदाम जल गया था। जिससे बड़ा नुकसान होते-हाेते बचा है। फायरब्रिगेड ने आग बुझाई थी।

मिस्टनगंज : मई माह के अंतिम सप्ताह में मिस्टनगंज मोहल्ले में 200 केवी के दो ट्रांसफार्मरों में ओवरलोडिंग के चलते आग लग गई थी। जिसको 24 घंटे बाद भी नहीं बदला जा सका था। 36 घंटे तक लोग बिना बिजली के रहे थे।
-
सिविल लाइंस : इसी माह की शुरुआत में सिविल लाइंस में 200 केवी के ट्रांसफार्मर की लीड में आग लग गई थी। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई थी। बिजली विभाग की टीम ने पहुंचकर आग बुझाई थी। इस दौरान तीन घंटे बिजली गुल रही थी।

फाल्ट के कारण डूंगरपुर में गुल रही बिजली
रामपुर। डूंगरपुर मोहल्ले में मंगलवार देर रात करीब 10 बजे फाल्ट होने से बिजली सप्लाई चली गई। जानकारी मिलने पर पहुंची बिजली विभाग की टीम ने फाल्ट को ठीक किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी थी। इस दौरान करीब दो घंटे बिजली गुल रही थी। इसके अलावा शहर के कई मोहल्लों में रातभर ट्रिपिंग की समस्या बनी रही।

वर्जन-
जिले में अधिक क्षमता के साढ़े 500 ट्रांसफार्मर लगाने का काम किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद ओवरलोडिंग की वजह से होने वाली फाल्ट की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। - विनोद कुमार आर्या, अधीक्षण अभियंता
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close