पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक,पेड़ और पेयजल पर संदेश
बहजोई: एस बी एम जूडो एकेडमी एवं एथलीट क्लब बहजोई के तत्वावधान में अनुपयोगी वस्तुएं विशेषकर प्लास्टिक से शिल्पकला का उपयोग कर सुंदर पौधों का प्रदर्शन कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया।
बुधवार को एस बी एम जूडो एकडेमी के बच्चों ने नगर पालिका परिषद में एकत्र होकर बेकार प्लास्टिक आदि सामान का उपयोग कर शिल्पकला के माध्यम से सुंदर सुंदर पौधों का प्रदर्शन किया।
सुंदर शिल्प अवार्ड प्रतियोगिता में आदित्य ने प्रथम जबकि पायल यादव ने द्वितीय एवं कृति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर निर्णायक की भूमिका मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू एवं विशिष्ट अतिथि
बीएमबीएल जैन कॉलेज के निदेशक सम्भव जैन ने निभाई। इस मौके राजेश शंकर राजू ने कहा कि पर्यावरण को बचाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है, हमें अपने और पर्यावरण दोनों के स्वास्थ्य का ख्याल रखना है,
उन्होंने साथ ही खेल व एथलीट से जुड़ी प्रतिभाओं के लिए देवी मंदिर पार्क में ओपन जिम बनाये जाने की घोषणा की। सम्भव जैन ने अपने सम्बोधन के दौरान सबको ट्रिपल पी फार्मूले से पर्यावरण के बारे में जागरूक करते हुए
प्लास्टिक के दुष्प्रभाव एवं पेड़ और पेयजल के प्रभाव के बारे में और दूरगामी परिणामों के विषय में बताया एवं बच्चों द्वारा पर्यावरण की संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर किये गए सकारात्मक प्रयास की जमकर सराहना की।
अंत में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण जागरूकता अभियान का प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित भी किया गया।