आकाशीय बिजली गिरने से महिला समेत तीन की हुई मौत।
सम्भल में बारिश के दौरान बुधवार की सुबह खेतों में काम करते समय बिजली गिरने से गांव ततारपुर संद निवासी मालती देवी (42), अमावती कुतुबपुर निवासी मनोज (25) और
ताहरपुर विक्रमपुर निवासी राहुल यादव (21) की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव अमावती कुतुबपुर निवासी महेश बुधवार की सुबह पत्नी मीना और बेटे मनोज के साथ खेत पर गए थे। कुछ समय खेत पर काम करने के बाद महेश और उसकी पत्नी मीना घर वापस आ गए।
जबकि उनका बेटा मनोज खेत पर काम करता रहा। करीब साढ़े दस बजे तेज धमाके के साथ बिजली गिरने से अचेत हो गया। कुछ समय बाद महेश खेत पर पहुंचा तो मनोज बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं है। शव पोस्टमार्टम को भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जानकारी होगी।
दूसरी ओर गांव विक्रमपुर ताहरपुर में राहुल यादव की बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतक की पत्नी सीमा देवी ने बताया कि सुबह आठ बजे खाना खाने के बाद पति खेत पर काम करने के लिए चले गए थे।
इसके कुछ देर बाद ही तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश बंद होने के बाद मोहल्ले के बच्चे आम के बाग में गए थे। उन्होंने खेत में पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी ओर नखासा थाना क्षेत्र के गांव गांव ततारपुर संदल में करीब दस बजे धान की रोपाई कर रही महिला मालती देवी पर बिजली गिर गई। महिला के पति नरेश ने बताया कि गांव निवासी प्यारे लाल के खेत में बटाई पर धान लगाने का काम चल रहा था।
सुबह खेत पर धान लगाने पहुंचे तो बारिश होने लगी। इसी दौरान धान की रोपाई कर रही मालती देवी पर बिजली गिर गई। जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। उपचार के लिए संभल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।