गंगा दशहरा पर रविवार को कछला घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी
*संवाददाता शहाना बी*
कछला। गंगा दशहरा पर रविवार को कछला घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद के साथ पुलिस और प्रशासन की ओर से महज आधा किलोमीटर दायरे में निर्धारित घाटों पर सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से इंतजाम किए हैं।
गंगा का दायरा काफी बढ़ा है, ऐसे में घाटों पर भीड़भाड़ देख श्रद्धालुओं ने खजुरारा या फिर हुसैनपुर खेड़ा की ओर जाकर गंगा में डुबकी लगाने की कोशिश की तो जान पर खतरा बना रहेगा।
गंगा स्नान के लिए जो चार घाट पहले से तय हैं, उनमें दो बदायूं जिले के छोर पर तो दो कासगंज जिले के छोर पर हैं। कई श्रद्धालु यहां स्नान न कर हुसैनपुर खेड़ा या फिर खजुरारा की ओर निकल पड़ते हैं। ऐसे में वहां इंतजाम न होने पर श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। नाविक ओमकार कहते हैं कि बिना घाट वाले स्थानों पर डुबकी लगाते समय श्रद्धालु गहराई का अनुमान भी नहीं लगा सकते। इसके लिए जरूरी है कि अफसर ऐसी व्यवस्थाएं करें जो श्रद्धालुओं को घाट से दूर नहीं जाने दें।
सात थाना प्रभारियों समेत पुलिस फोर्स तैनात, फ्लड यूनिट बुलाई- एक प्लाटून पीएसी के जवान भी रखेंगे हालात पर नजर
उझानी। कछला घाट पर जिले के सात थाना प्रभारियों के अलावा अतिरिक्त पुलिस फोर्स, एक प्लाटून पीएसी और पीएसी की फ्लड यूनिट की भी ड्यूटी लगा दी गई है।
कछला गंगाघाट पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स के लिए स्थानीय स्तर से जो डिमांड भेजी गई थी, उसके अनुरूप ही एसएसपी कार्यालय की ओर से पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया
है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सात थाना प्रभारी, 20 उपनिरीक्षक, 90 सिपाही, 36 महिला सिपाही, यातायात के आठ पुलिस कर्मी, एक प्लाटून पीएसी को ड्यूटी पर लगाया गया है। इसके अलावा पीएसी की फ्लड यूनिट में डेढ़ सेक्शन जवान होंगे। फ्लड यूनिट का गंगा में गहराई वाले स्थानों के मूवमेंट रहेगा।
इसके अलावा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस ने जीबी पंत महाविद्यालय के मैदान में अस्थायी पार्किंग स्थल बनाया है। पार्किंग स्थल तक ही श्रद्धालुओं के वाहन पहुंचेंगे। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बरेली- मथुरा हाईवे पर सड़क किनारे खड़े नहीं होने दिया जाएगा।
इसी तरह कासगंज जिले वाले छोर के घाट पर ढाबा के नजदीक पार्किंग स्थल बनाया गया है। दोनों पार्किंग स्थल पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए है। नगर पंचायत की ओर से घाट पर दोनों ओर अस्थायी कैंप कार्यालय भी होंगे। कैंप में ध्वनि विस्तारक यंत्र भी लगाए गए हैं। गंगा में संवेदनशील स्थानों के आसपास नावों का घेरा रहेगा।