खेत में पड़े मिले गोवंशीय पशुओं के अवशेष, अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
ग्राम पवसरा निवासी हरिशचंद्र का कहना है कि गांव के नजदीक उनका खेत है। उसमें मक्का की फसल थी। उन्होंने मक्का तो तोड़ ली, लेकिन उसकी पौध रह गई हैं। शनिवार सुबह वह अपने खेत पर गए, यहां खेत के अंदर से कुछ दुर्गंध आती महसूस हुई। भीतर घुसे तो गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े देखे। खेत में उनकी खाल, हड्डियां और सिर पड़ा था
बताते हैं कि तस्करों ने उन्हें दफनाने की भी कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। इस कारण वह अवशेषों को छोड़कर मौके से भाग गए।
खेत में गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े होने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने खेत में गड्ढा करवाकर अवशेषों को दफन करा दिया। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।