चोरी की तीन बाइकों के साथ तीन ऑटोलिफ्टर गिरफ्तार
बदायूं कादरचौक। थाना पुलिस ने चोरी की तीन बाइकों के साथ तीन ऑटोलिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात उनकी पुलिस टीम थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखाई दिए।
उन्हें रोककर चेक किया गया तो उनके पास बाइक के कागजात नहीं निकले। उन्होंने पूछताछ में अपने नाम उसहैत थाना क्षेत्र के गांव हरेंडी निवासी अर्जुन पुत्र गिरीश, कदीर पुत्र शकील और सुरजीत उर्फ गुल्ला पुत्र राजपाल बताए। तलाशी लेने पर उनके पास से दो तमंचे,
तीन कारतूस और तीन मोबाइल बरामद हुए। बाद में उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ की गई तो उनकी निशानदेही पर चोरी की दो बाइक और बरामद हुई। उन्होंने इन बाइकों को अलग-अलग जगह से चोरी किया था।
इनमें अर्जुन और सुरजीत के खिलाफ एक-एक, कदीर के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्जकर शुक्रवार दोपहर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चोरी की बाइक और गांजा के साथ दो लोग गिरफ्तार
अलापुर। थाना पुलिस ने चोरी की बाइक और पांच किलो गांजा के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह अलापुर-ककराला मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान
एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति पांच किलो गांजा के साथ पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम कादरचौक के बेहटा डंबरनगर निवासी आरिफ और सद्दाम बताए। उनके पास से बरामद बाइक भी चोरी की निकली।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह गांजा खरीदकर उसे इधर-उधर फुटकर में बेचते हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही जेल तिराहे से बाइक चोरी की थी और इसकी नंबर प्लेट बदलकर मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे।
बाइक पर जो नंबर प्लेट लगी थी। वह बरेली के विशारतगंज के शहबाजपुर निवासी इकरार पुत्र लतीफ के नाम पर थी लेकिन चेसिस नंबर के आधार पर
बाइक बिसौली के हुसैनपुर निवासी राहुल के नाम निकली। पुलिस बाइक के बारे में तहकीकात कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया।