किशोरी को मारी गई थीं दो गोलियां, कई करीबी हिरासत में।
जनवद सम्भल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव भमोरी पट्टी निवासी 17 वर्षीय किशोरी की हत्या में करीबियों का हाथ है। इससे जुड़े कई अहम सुबूत पुलिस को छानबीन में मिले हैं। इसके कारण पुलिस ने किशोरी के ही कई
करीबियों को हिरासत में लिया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि किशोरी को एक नहीं, दो गोलियां मारी गई थीं।
एक गोली सिर में सटाकर और दूसरी गोली सीने में मारी गई थी। दोनों ही गोली शरीर के पार निकल गई थीं। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर सकती है।
किशोरी की हत्या बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे गोली मारकर की गई थी। यह वारदात उस समय हुई थी, जब किशोरी अपनी मां राजवती और भाई नीरज के साथ बाइक से घर जा रही थी।
गांव के नजदीक वारदात को अंजाम दिया गया था। किशोरी के भाई नीरज ने पुलिस को बताया था कि उसकी बहन और मां गाजियाबाद से लौटे थे, जिनको लेने के लिए गांव सौंधन के बस अड्डे पर गया था।
इसी दौरान कार से आए रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सैतुआ निवासी पप्पू और गांव भमोरी पट्टी निवासी रिंकू ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपी मामा-भांजे हैं। पुलिस ने छानबीन की तो नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिले।
पुलिस को किशोरी के करीबियों के खिलाफ ही सुबूत मिले हैं। पुलिस इसी पर जांच आगे बढ़ा रही है। कई करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी कृष्ण कुमार ने कहा कि किशोरी के करीबियों के खिलाफ ही अहम सुबूत मिले हैं।
पुलिस ने दी दबिश तो कई करीबी भागे
किशोरी की हत्या में करीबियों के खिलाफ मिले सुबूतों के आधार पर ही पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। शुक्रवार और शनिवार को कई करीबियों के
घर पर पुलिस ने दबिश दी तो लोग भाग निकले। इससे यह भी स्पष्ट हो रहा है कि वह घटना में शामिल हैं। पुलिस की तीन टीमें किशोरी हत्याकांड के खुलासे में लगी हैं। इन तीनों टीमों को कई अहम सुबूत मिले हैं।