अखिलेश यादव का पुतला फूंकने वालों पर कार्रवाई की मांग सपा छात्र सभा बरेली कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बरेली में समाजवादी छात्र सभा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर अपनी कई मांगों के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही महामहिम राज्यपाल को संबोधित करते हुए एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
इस मौके पर समाजवादी छात्र सभा ने कहा की भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला दहन किया जा रहा है।
उनकी मांग है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान सपा छात्र सभा के जिला अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के साथ उत्पीड़न के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
प्रशासनिक तंत्र की अनदेखी और मनमानी के कारण छात्रों का भविष्य अंधकार में होता जा रहा है। पुलिस प्रशासन की दमनकारी नीतियों के कारण छात्रों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
प्रदेश में शिक्षा का वातावरण भी अस्थिर हो रहा है। ज्ञापन देने वालों में मेराज अंसारी महानगर अध्यक्ष लोहिया वाहिनी, दीपक यादव महानगर अध्यक्ष युवजन सभा सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।