करहल विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शाक्य चेहरे पर दांव खेल दिया है।
शुक्रवार को पार्टी प्रमुख मायावती ने प्रत्याशी के नाम को हरी झंडी दे दी। भोगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी रहे डा. अवनीश कुमार शाक्य को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है।
पार्टी पदाधिकारियों द्वारा पत्रकार वार्ता में उनके नाम की घोषणा की गई।
लोकसभा चुनाव के बाद से ही बसपा ने करहल उप चुनाव की तैयारी आरंभ कर दी थी। पदाधिकारियों का विशेष जोर विधानसभा क्षेत्र के कैडर वोट बैंक तक पहुंचने पर ही थी।
पदाधिकारियों द्वारा निरंतर बैठकों का क्रम जारी थी। टिकट को लेकर सात लोगों ने अपने आवेदन दिए थे। जिसमें कस्बा करहल निवासी दो शाक्य पदाधिकारियों के साथ पाल, लोधी और यादव समाज के पदाधिकारी भी शामिल थे। निरंतर तीन दिन से लखनऊ में प्रत्याशी के नाम पर मंथन चल रहा था।
गुरुवार रात बसपा प्रमुख मायावती द्वारा प्रत्याशी का चयन कर लिया गया। करहल विधानसभा सीट पर यादव मतदाताओं के बाद शाक्य मतदाता दूसरे नंबर पर हैं। ऐसे में बसपा ने शाक्य चेहरे को प्राथमिकता दी है। शुक्रवार दोपहर दीवानी रोड स्थित डीआर मैरिज होम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी नौशाद अली एवं आगरा मंडल प्रभारी गोरेलाल जाटव ने डा. अवनीश कुमार शाक्य के नाम की बतौर प्रत्याशी घोषणा कर दी।
मूल रूप से भोगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव मानिकपुर
निवासी डा. अवनीश नगर के आवास विकास कॉलोनी में क्लीनिक संचालित करते हैं। वर्ष 2018 से निरंतर विधानसभा क्षेत्र भोगांव के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस मौके पर मंडल को-ऑर्डिनेटर दीपक पेंटर, जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे।