सुस्त गति से चल रहा रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार का का
रामपुर। रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार का काम अब धीमी चाल से चल रहा है। अब तक नए फुट ओवरब्रिज के लिए प्रक्रिया तक शुरू नहीं हो सकी है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। एक ओवरब्रिज के सहारे प्लेटफाॅर्म को पार करना पड़ रहा है। इस समय सिर्फ धीमी गति से तोड़फोड़ हो रही है।
अमृत भारत योजना के तहत रामपुर रेलवे स्टेशन पर जीर्णोद्धार का काम काफी समय से चल रहा है। अभी तक सिर्फ प्लेटफाॅर्म नंबर एक को ऊंचा किया गया है। इसके बाद एक भवन का निर्माण नहीं हो सका है। अभी तक तोड़फोड़ ही धीमी गति से चल रही है। खास बात यह है कि फुट ओवरब्रिज को तोड़े हुए काफी समय हो गया
, लेकिन नए फुटओवर ब्रिज के लिए कवायद अभी नहीं की जा सकी है, जिससे यात्री सिर्फ एक फुट ओवरब्रिज से प्लेटफाॅर्म नंबर दो तक निकल पा रहे हैं। आगे जाने के लिए पटरियों का सहारा लिया जा रहा है जो कि खतरे से खाली नहीं है।
बताया जा रहा है कि स्टेशन पर एलईडी के साथ रोशनी के लिए लाइटिंग व्यवस्था और अन्य सौंदर्यीकरण कराया जाना है, लेकिन अभी तक सिर्फ खोदाई और तोड़फोड़ में मजदूर उलझे हैं।
इधर, स्टेशन अधीक्षक मो. आजम ने बताया कि रोजाना स्टेशन पर मजदूर काम कर रहे हैं। स्टेशन के कायाकल्प में लगातार काम किया जा रहा है।