बिल्सी में एटीएम के साथ छेड़खानी करने वाले शातिर युवक को लोगों ने दबोचा
बिल्सी। बदायूं ।कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के मोहल्ला संख्या आठ के एक एटीएम के साथ छेड़छाड़ करके ग्राहकों के रुपये निकाल लेने वाले एक शातिर युवक को लोगों ने दबोच लिया। पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। हिरासत में लिए गए शातिर से पुलिस पूछताछ कर रही है।नगर के मोहल्ला संख्या आठ में एक प्राइवेट बैंक का एटीएम लगा हुआ है।
कुछ लोग एटीएम से रुपये निकालने के लिए पहुंचे थे। उन लोगों ने देखा कि एक युवक काफी देर से एटीएम के पास खड़ा है, उन्हें शक हुआ तो उन्होंने छिपकर युवक की हरकतें देखीं। उन्होंने देखा कि जो लोग रुपये निकालने पहुंचे थे उनके रुपये नहीं निकल रहे थे।
देखा कि यह युवक उनके जानेे के बाद एटीएम बॉक्स के अंदर से रुपये आसानी से निकाल ले रहा था। गड़बड़ी के शक में लोगों ने उसे दबोच लिया। लोगों ने युवक पर एटीएम से ठगी करने का आरोप लगाते हुए इसे पीटना शुरू कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के सामने भी लोगों ने युवक की पिटाई की।
लोगों ने बताया कि युवक एटीएम में जहां से रुपये निकलते हैं उस स्थान पर लोहे की पत्ती लगा रखी थी, जिसकी वजह से ग्राहकों के रुपये मशीन से बाहर नहीं आ रहे थे। हालांकि शुक्रवार को आरोपी किसी के साथ ठगी नहीं कर पाया। पकड़ा गया युवक थाना उघैती क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है।