बिसौली सोत नदी के पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद : पुल पर खड़ी की दीवार
बिसौली। बदायूं । सोत नदी पर बने पुल के दोनों ओर लोक निर्माण विभाग ने शनिवार को दीवार खड़ी कर दी है। अब कोई भी वाहन पुल से नहीं निकल सकेगा। बीते दो दिन से आवागमन बंद करने के बाद भी राहगीरों ने डिवाइडर के पत्थर हटाकर आवागमन जारी रखा था।
इसके बाद अधिकारियों ने दीवार खड़ी करने का फैसला लिया।बिसौली से रानेट होते हुए कछला को जाने वाली सड़क पर सोतनदी के ऊपर पुल बना हुआ है। 50 साल पुराना पुल जर्जर हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इस पुल पर यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित करते हुए दोनों ओर सड़क को खुदवा दिया था। इतना ही नहीं यहां पर डिवाइडर के पत्थरों का लगवा दिया था, ताकि कोई वाहन चालक उधर से न निकले।
बावजूद इसके दो पहिया वाहन चालकों ने मिट्टी से गड्ढे को भरकर और पत्थरों को हटाकर वहां से निकलना शुरू कर दिया। इस खबर को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद शनिवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारी पुल पर पहुंचे।
उन्होंने दोबारा से जेसीबी से पुल के दोनों और गड्ढा खोदा। इसके बाद तीन-तीन फीट की दीवार खड़ी कर दी। ताकि कोई भी वाहन व पैदल यात्री तक उधर से न निकले। शनिवार को दीवार बन जाने के कारण पुल तक पहुंचने वाले वाहन चालकों को लौटना पड़ा। वह वैकल्पिक रास्तों से होकर गए।