जनपद सम्भल में 24 नवंबर 2024 को हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। अब जामा मस्जिद के पास पुलिस चौकी का निर्माण शुरू हो गया है। शुक्रवार को मस्जिद के पास खाली मैदान पर खोदाई करवाई गई। अब शनिवार सुबह में निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र की मौजूदगी में पंडित शोभित शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया। 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल से सतर्क हुए पुलिस-प्रशासन ने जामा मस्जिद के नजदीक पुलिस चौकी बनाने का निर्णय लिया।
यह पुलिस चौकी जामा मस्जिद के सामने स्थित मैदान में बनाई जा रही है। शुक्रवार को एएसपी के नेतृत्व में पुलिस चौकी के लिए जमीन की पैमाइश की गई। नगर पालिका की टीम ने नींव खोदाई शुरू की।
सम्भल के जामा मस्जिद के पास निर्माणाधीन पुलिस चौकी का नाम 'सत्यव्रत पुलिस चौकी' रखा जा सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने बताया कि संभल के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यह नाम प्रस्तावित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह चौकी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बनाई जा रही है। सत्यव्रत नाम संभल के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के सम्मान को दर्शाता है। हाल के दिनों में क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के तहत यह चौकी भी तैयार की जा रही है।
इसी दौरान कुछ लोगों ने पहुंचकर अपनी पुश्तैनी जमीन होने का दावा किया। एसडीएम ने दावे को खारिज कर दिया है। जिस जमीन पर पुलिस चौकी का निर्माण हो रहा है वो जामा मस्जिद के नाम वक्फ जमीन में बनाया जाना है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पुलिस चौकी का निर्माण कराया जा रहा है। एहतियाती तौर पर सुरक्षा 24 नवंबर से जामा मस्जिद के नजदीक है। इसी क्रम में अब पुलिस चौकी बनाई जा रही है।