बिसौली शोत नदी पर बने पुल की यातायात आज रात से : पूरी तरह बंद हो जाएगा
*बिसौली*। बदायूं ।बिसौली सोत नदी पर बने पुल को बृहस्पतिवार यानी आज रात से यातायात के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। अब तक इस पुल से छोटे वाहनों के आवागमन जारी था। छोटे वाहनों की आड़ में पुल से भारी वाहन भी बेरोकटोक गुजर रहे थे। ऐसे में हादसे की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
बिसौली से बिल्सी, इस्लामनगर और सहसवान को जोड़ने वाले मार्ग पर रानेट चौराहे के पास पुल है। पुल 50 साल से ज्यादा पुराना हो चुका है। पुल शाहबाद-कछला राजमार्ग-109 से भी जुड़ा है। 14 अक्तूबर 2023 में भारी वाहनों के लिए प्रवेश बंद कर दिया गया था।
लेकिन छोटे वाहनाें की आड़ में बड़े वाहन भी बेरोकटोक पुल से निकलने लगे।एक साल से ज्यादा अवधि गुजर गई, लेकिन दूसरा पुल नहीं बन सका। यातायात को ध्यान में रखते हुए विभागीय अधिकारियों ने दोबारा से पुल का सर्वे कराने की मांग की। पूर्व में गठित चार सदस्यीय टीम ने दोबारा इसका सर्वे कराया।
जांच अधिकारियों ने पुल को जनमानस की सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक बताया। इसके बाद पुल को पूरी तरह से बंद करने का फैसला पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने लिया। पांच दिसंबर से इस पुल को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।अब दो वैकल्पिक मार्ग, एक 18 तो दूसरा 54 किलोमीटर लंबा है।
बिसौली से कछला की दूरी 60 किलोमीटर है।
पुल के बंद होने के बाद कछला जाने के लिए दो वैकल्पिक मार्ग हैं। पहला वैकल्पिक मार्ग बिसौली से वजीरगंज, बिल्सी होते हुए कछला तक है। इसमें 18 किलोमीटर अधिक चलना पड़ेगा। दूसरे वैकल्पिक मार्ग से जाएंगे तो बिसौली से ओरछी, इस्लामनगर होते रानेटा चौराहा होते हुए कछला तक पहुंचेंगे। इसमें 54 किलोमीटर का अतिरिक्त फेर पड़ेगा।