हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं की ऑनलाइन निगरानी करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित : 100 केंद्रों की होगी निगरानी
बदायूं ::हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं की ऑनलाइन निगरानी करने के लिए जीआईसी इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। यहां लगे दस कंप्यूटरों से 100 परीक्षा केंद्रों को जोड़ा जा रहा है। इस दौरान पुलिस बल के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे,
जो किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट तुरंत अधिकारियों को देंगे।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि जिले में 24 फरवरी से 12 मार्च तक होने वाली परीक्षा में नकलविहीन प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिले में 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 67,845 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 35,834 व इंटरमीडिएट में 32,013 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। केंद्रों से रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे के मॉडल नंबर, आईडी पासवर्ड व राउटर का विवरण मांगा जा रहा है।
जीआईसी में बने कंट्रोल रूम में सात लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम का प्रभारी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज डहरपुर कलां के प्रधानाचार्य राहुल दीक्षित को बनाया गया है।समस्याओं के समाधान के लिए इन नंबरों पर करें मैसेज या कॉल
जिले में बोर्ड परीक्षा 2025 के लिए छात्रों के तनाव प्रबंधन, समस्याओं के समाधान और विषय विशेषज्ञों से मार्गदर्शन के लिए राजकीय जिला पुस्तकालय में हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है। यहां सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षार्थी अपनी समस्याओं का समाधान मोबाइल या व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
जनपद और तहसील स्तर पर विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है। परीक्षार्थी किसी प्रकार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही पढ़ाई में आ रही दिक्कत के बारे में भी सलाह ले सकते हैं। शिकायत मोबाइल नंबर 7895812451 व 9450668088 पर दर्ज कराई जा सकती है।