बिसौली :: रानेट चौराहे के बीच से होकर सोत नदी निकल रही है। इस पर करीब 50 साल पहले पुल बना था। पुल जर्जर होने के कारण 14 अक्तूबर 2023 को भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था। कुछ समय तक तो यहां पर वाहन बंद रहे, लेकिन धीरे-धीरे फिर से भारी वाहन बेरोकटोक गुजरने लगे।
इसके बाद दिसंबर में यहां दीवार बना दी गई, जिसके बाद आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। इसके बाद से ही हजारों वाहन चालकों की समस्या बढ़ गई। समस्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने पुल के नीचे से रास्ता बनाने की योजना बनाई। सोत नदी पूरी तौर से सूख चुकी है।
अब यह नाले के रूप में रह गई है।बरसात में ही इसमें थोड़ा बहुत पानी आता है। पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने यहां सर्वे करके प्रस्ताव तैयार किया। जहां पर पानी आता है
उस हिस्से में पुलिया का निर्माण करा दिया जाएगा ताकि बारिश में रास्ता बंद न हो। इसके दोनों ओर सड़क डाली जाएगी। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, जो पास हो गया है।
इसके साथ ही बजट भी जारी कर दिया गया है। 1.45 करोड़ की लागत से यहां रास्ता बनेगा। विभाग मार्च तक काम पूरा करने का दावा कर रहा है।