कासगंज सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार ।
कासगंज। सामूहिक दुष्कर्म मामले में जांच के बाद रविवार दोपहर को तीन आरोपितों को औ्रर गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एक आरोपित को पुलिस ने बीते दिनों मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। सभी आरोपितों को जेल भेजा गया है।
नदरई की रहने वाली युवती 10 अप्रैल की दोपहर अपने मंगेतर के साथ हजारा नहर झाल के पुल के पास पेड़ के नीचे बैठी थी। उसी दौरान 10-11 लोगों को गिरोह वहां पहुंच गया। उन्होंने दोनों के पहले वीडियो बनाए। इसके बाद उनसे अभद्रता की।
आरोपित युवती को खींच कर झाड़ियों में ले गए जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, मंगेतर के साथ मारपीट भी की। इसके बाद आरोपितों ने युवती की सोने की बाली और पांच हजार रुपये छीन लिए। मंगेतर से आनलाइन पांच हजार रुपये अपने खाते में डलवाए।
पीड़िता ने घटना के दो दिन बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस संबंध में दो नामजद और आठ नौ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया था। पुलिस ने पहले ही दिन आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। तीन दिन बाद दो और आरोपितों को पकड़ा था। बीते शुक्रवार को पुलिस ने मुठभेड़ कर आरोपित योगेश गिरफ्तार किया।
पुलिस को उसके पास से घटना में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल, युवती के लूटी बालियां, तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
रविवार को कोतवाली पुलिस ने घटना में संलिप्त तीन आरोपितों को मोहनपुरा की ओर से आने वाले रास्ते से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस ने मनोज पुत्र गोपाल निवासी ग्राम मैमडी थाना ढोलना, प्रेमपाल पुत्र गोपाल निवासी प्रतिबा कालोनी थाना बन्नादेवी जिला अलीगढ़, रुपेंद्र पुत्र डिगम्बर निवासी कंचन नगर थाना बन्नादेवी जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। अब आरोपितों संख्या 14 पहुंच गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।