तीर्थ नगरी सोरों में उमड़ा कावडियो का आस्था का सैलाब, लहरा गंगा घाट पर लाखों कावड़ियों ने लगाई श्रद्धा की डुबकी
सोरों शूकर क्षेत्र, कासगंज –श्रावण मास में तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में आस्था का कुंभ देखने को मिला। रविवार से लहरा गंगा घाट पर लाखों कावड़ यात्रियों की टोलियां निरंतर पहुंच रही हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर कावड़ भरकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान किया।
इस वर्ष की भीड़ ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सोरों के नुमाइश मैदान को पार्किंग स्थल के रूप में तैयार किया गया।
प्रशासन ने पूरी तीर्थ नगरी पर ड्रोन कैमरों से नजर बनाए रखी। देर रात ड्रोन से लिए गए दृश्य प्रयागराज कुंभ की याद दिला रहे थे। हर ओर "हर हर महादेव" के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धा, सुरक्षा और समर्पण का यह अद्भुत संगम सोरों में देखने को मिल रहा है, जहां भक्ति की लहरें गंगा के जल के साथ बहती नजर आईं।