-
बहजोई महाविद्यालय, बहजोई में मिशन शक्ति 5.0 एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वाधान में एड्स जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गयी | गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सम्भल के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. तरुण पाठक उपस्थित रहे | मुख्य अतिथि ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि एड्स की रोकथाम का एक मात्र उपाय इस बीमारी से समाज में जन-जागरूकता है इसके साथ ही इस बीमारी के बारे में सही एवं सटीक जानकरी भी इसका एक बचाव है | एड्स कोई ऐसी बीमारी नहीं है जो कि साथ रहने से फैले अथवा हाथ मिलाने से या छुने से फैले | डीडीओ डा. संतोष ने एड्स फैलने के कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा कि एड्स के संक्रमण के तीन मुख्य कारण हैं - असुरक्षित यौन संबंधो, रक्त के आदान-प्रदान तथा माँ से शिशु में संक्रमण द्वारा |राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गीता ने कहा कि वर्तमान समय में इस बीमारी का कोई उपचार संभव नहीं है, इससे बचने का एक मात्र उपाय इसके प्रति समाज में जागरूकता है | महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने गोष्ठी में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करने के साथ ही गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि एड्स की रोकथाम एवं जागरूकता के लिए ही प्रति वर्ष 01 दिसम्बर को एड्स दिवस मनाया जाता है | एड्स से बचाव का मुख्य उपाय अपने साथ के प्रति वफादार रहना है | इसके साथ ही हमेशा नयी सिरिंज का प्रयोग, खून लेने या देने से पहले जांच आदि जरुरी बचाव है | कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ के संजय कुमार, डॉ. गीता, नेमपाल सिंह यादव, यशपाल सिंह यादव, पूजा शर्मा, प्रीति शर्मा, मेघा मेहरोत्रा, भगवान सिंह चौहान, राजीव कुमार सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।