सहसवान: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा सहसवान बिसौली मार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ। उघैती थाना क्षेत्र के गांव हरीपुर निवासी सत्येन्द्र (28) पुत्र राम रहीस गांव के ही अरमोद (26) पुत्र अजब सिंह के साथ बाइक से सहसवान की ओर से आ
रहा था। जब वह लोग सहसवान कोतवाली क्षेत्र गांव भगतपुर के पास पहुंचे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी देर में वहां ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों
को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने सत्येन्द्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे युवक को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस जुट गई है। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मृत्यु हुई है। वाहन की तलाश की जा रही है। शिकायती पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।